रिपोर्टर
विनय कुमार श्रीवास्तव
पालघर(महाराष्ट्र)। जिले में वाढवण बंदरगाह,बुलेट ट्रेन और महामार्ग परियोजनाओं के चलते जमीन संबंधी मुद्दे पहले से चर्चा में हैं। अब विद्युत पारेषण(हस्तांतरण) मार्ग का मुद्दा भी महत्वपूर्ण बनता जा रहा है। खावड़ा
बिजली पारेषण (हस्तांतरण) परियोजना के तहत विद्युत टावरों का निर्माण होने के बावजूद किसानों की खेती जारी रह सकती है, ऐसा परियोजना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है।
*पालघर में बिजली पारेषण परियोजना से खेती बंद नहीं होने का दावा: विकास के साथ किसानों के हितों की सुरक्षा पर जोर*
विद्युत टावरों के आधार के लिए उपयोग की गई जमीन को छोड़कर आसपास की भूमि तथा बिजली तारों के नीचे भी आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए खेती की जा सकती है। इससे टावरों के निर्माण के कारण पूरी कृषि भूमि अनुपयोगी नहीं होगी, ऐसा स्पष्ट किया गया है।
बालापुर गांव के एक किसान दामोदर रघुनाथ गायकवाड़ ने कहा कि खेती केवल संपत्ति नहीं, बल्कि पीढ़ियों से आजीविका का साधन है। विकास के लिए बेहतर बिजली और बुनियादी सुविधाएं आवश्यक हैं, लेकिन किसानों की आजीविका की कीमत पर विकास नहीं होना चाहिए।
वैसे देखा जाए तो परियोजनाओं के लिए जमीन का उपयोग करते समय किसानों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी संवाद और सुरक्षा नियमों का पालन आवश्यक है। प्रभावित जमीन मालिकों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मुआवजा देने का प्रावधान भी बताया गया है। ऐसे में खेती के नुकसान, टावरों की जगह और मुआवजे को लेकर किसानों की शंकाओं का समाधान करना भी महत्वपूर्ण होना चाहिए।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी