जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र के रुधौली स्थित नहर के पास बुधवार पूर्वाह्न लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि खुटहन थाना क्षेत्र के अहरपुर गांव निवासी मोहन बिन्द पुत्र स्व. मोती लाल काफी समय से सरपतहा थाना क्षेत्र के सुइथाकला (महुआतर) गांव निवासी अपने मौसेरे भाई के साथ रहकर उनकी बड़ौना पानी टंकी स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर कामकाज में हाथ बटाते थे। लेबर खोजने के लिए वह बुधवार पूर्वाह्न बाइक से रुधौली बाजार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे शारदा सहायक नहर खण्ड-36 के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार वाहन संख्या यूपी 16 एआर 5760 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन वाहन की नम्बर प्लेट मौके पर ही गिरी पड़ी मिली।जानकारी होते ही मृतक की पत्नी सीमा और मां यशोदा भी परिजनों संग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मृतक के पीछे तीन नाबालिग बच्चे खुशी (8 वर्ष), आयुष (6 वर्ष) व हर्ष (2 वर्ष) रह गए हैं। पिता का साया उठने से तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
*मिली नम्बर प्लेट के आधार पर चालक की होगी तलाश*
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मौके पर मिली नम्बर प्लेट यूपी 16 एआर 5760 के आधार पर फरार वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था, लेकिन वाहन की नम्बर प्लेट मौके पर ही गिर गई थी। पुलिस ने नम्बर प्लेट को कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। गौरतलब हो कि बुधवार पूर्वाह्न लखनऊ बलिया राजमार्ग पर हुए सडक हादसे में मृतक मोहन बिंद की मौत हो गई थी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी