मीरगंज (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बेटी की शादी से ठीक एक दिन पहले शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग लग गई। आग में शादी के लिए जुटाए गए कपड़े, साड़ी, गहने और करीब तीन लाख रुपये नकद समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब एक दिन बाद आने वाली बारात की तैयारियों को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
*एक दिन बाद आनी थी बारात, बेटी के हाथ पीले करने की तैयारियों पर फिरा पानी; जले सामान के बीच गहनों के अवशेष तलाश रहे परिजन*
जानकारी के अनुसार, चौकी खुर्द गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद गौड़ के घर में बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। सोमवार को बारात आनी थी। इसी बीच शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली का कनेक्शन कटवाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा शादी का पूरा सामान जल चुका था।
राजेंद्र प्रसाद गौड़ शादी-विवाह में हलवाई का काम करते हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। आग लगने की सूचना मिलते ही वह भागकर घर पहुंचे तो वहां सब कुछ राख हो चुका था। परिजन अब जले हुए सामान के बीच गहनों के अवशेष तलाश रहे हैं।
परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहतर नहीं है। ऐसे में शादी से ठीक पहले तीन लाख रुपये नकद और वर्षों की जमा पूंजी से जुटाया गया सामान जल जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि एक दिन बाद आने वाली बारात का स्वागत और बेटी की शादी की बाकी रस्में कैसे पूरी होंगी।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी