गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। जिले के कुकुहां गांव में बहूभोज कार्यक्रम के दौरान खाना खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि सात माह के मासूम के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। वहीं, दो साल पहले शादी कर बिन्द्रेश की पत्नी बनकर आई बीना की मांग का सिंदूर भी उजड़ गया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जाता है कि बिन्द्रेश राजभर एक सप्ताह पहले ही लुधियाना से अपने गांव लौटा था। उसे क्या पता था कि घर आने के कुछ ही दिनों बाद एक मामूली कहासुनी उसकी जिंदगी का आखिरी विवाद बन जाएगी। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी आजमगढ़ जनपद निवासी बीना से हुई थी। दोनों का सात माह का एक बेटा है। मासूम को अभी यह भी एहसास नहीं कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है और उसकी मां के जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शुक्रवार की रात गांव में आयोजित बहूभोज कार्यक्रम के दौरान खाना खाने को लेकर रितेश तिवारी और बिन्द्रेश के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चाकूबाजी में रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाद में भीड़ की पिटाई से बिन्द्रेश की मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण घटना को लेकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। वहीं, बिन्द्रेश के घर पर रोना-पीटना मचा हुआ है। पत्नी बीना और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात रही। थाना अध्यक्ष का शुक्ला से पूछे जाने पर बताया कि लल्लन राजभर के तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी