BADLAPUR. जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बछुआर गांव के पास रविवार सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नकहरा गांव निवासी हरखाली के बच्चे रविवार सुबह अपनी भैंस को चराने के लिए बछुआर गांव के पास खेतों की ओर ले गए थे। इस दौरान अचानक वहां से गुजर रहा हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गिर पड़ा और उसकी चपेट में आकर गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सभी ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह हाईटेंशन तार बेहद जर्जर हालत में लटके हुए हैं, लेकिन विभाग बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुधार कार्य नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि एक दुधारू और गर्भवती भैंस की मौत से गरीब किसान को दोहरी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई विद्युत विभाग को करनी चाहिए।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी