JAUNPUR. जौनपुर जिले में यातायात माह के अवसर पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और विशेष रूप से बधिर चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। अभियान के तहत अब बधिर चालकों द्वारा चलाए जाने वाले वाहनों पर ‘कान’ का विशेष प्रतीक चिन्ह लगाया जाएगा, ताकि सड़क पर चलते अन्य वाहन चालक सतर्कता के साथ दूरी और सावधानी बरतते हुए यातायात करें।
अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के पदाधिकारी अभय कुमार सिंह एवं अन्य प्रतिनिधि मंगलवार को पुलिस अधीक्षक जौनपुर से मिले और इस अभियान में पुलिस प्रशासन से सहयोग की मांग की। संस्था ने बताया कि बधिर चालक हॉर्न नहीं सुन पाते, ऐसे में उनके वाहनों पर ‘कान’ का प्रतीक लगाने से अन्य मोटर चालक उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे और दृश्य संकेतों का उपयोग करते हुए सुरक्षित ढंग से वाहन संचालन कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाएगा, बल्कि बधिर व्यक्तियों को सुरक्षित यातायात वातावरण प्रदान करने में भी कारगर सिद्ध होगा।
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे प्रतीक चिन्हों से ट्रैफिक में जागरूकता बढ़ती है और संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। यातायात माह के दौरान जिलेभर में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी