MARIYAHU. जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील में सोमवार को तहसील अध्यक्ष विनय कुमार पटेल की अध्यक्षता में भारतीय किसान यूनियन (भानु) जौनपुर इकाई द्वारा किसानों, मजदूरों एवं आम नागरिकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोमवार को उपजिलाधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने जनपद में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि राजमार्ग एवं अन्य विकास कार्यों के दौरान किसानों की भूमि का अधिग्रहण तो किया जा रहा है, लेकिन उन्हें समय पर उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। इससे किसान आर्थिक संकट से जूझने को मजबूर हैं। इसके साथ ही बिजली विभाग द्वारा अनावश्यक चेकिंग, फर्जी बिल और कनेक्शन काटने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं।
भाकियू (भानु) ने गांवों की जर्जर सड़कों, जल निकासी की खराब व्यवस्था तथा बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि खराब सड़कों के कारण किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, वहीं स्कूली बच्चों और मरीजों को भी आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि किसानों को समय पर खाद, बीज एवं सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र गरीबों और मजदूरों तक नहीं पहुंच रहा है, जबकि बिचौलियों द्वारा लाभ उठाए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
भाकियू के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसान हित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर विनोद कुमार मौर्य, रिंकू कुमार पाल, उर्मिला, संजू, शीला देवी, दुर्गावती, सरिता देवी, रितु देवी, प्रमिला देवी, गोपी शोभनाथ, दिनेश पाल, अरविंद समेत भारतीय किसान यूनियन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी