JAUNPUR. जौनपुर जिले के दीवानी न्यायालय को जिला जज की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल के माध्यम द्वारा बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर मंगलवार को हड़कंप मच गई। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में आनन-फानन जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया।
पुलिस ने परिसर का सघन तलाशी अभियान चलाया। न्यायालय परिसर के प्रत्येक कक्ष, बार कक्ष तथा आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जांच देर तक जारी रही। दीवानी पुलिस छावनी में तब्दील हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल रही हैं, जिससे अधिवक्ताओं में भय के साथ साथ रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी