रामपुर। जौनपुर जिले के रामपुर पुलिस ने ऑपरेशन ब्रजपात के तहत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से थाना परिसर में स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विनोद कुमार की देखरेख और क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा तथा उनकी अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सीओ परमानंद कुशवाहा ने व्यापारियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने आभूषण, कपड़ा, जनसेवा केंद्र एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और अपराधों की रोकथाम में सहायता मिल सके।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने दुकानों के सामने एवं बैंक के आसपास कोई भी संदिग्ध दिखे तो पुलिस को तुरंत सूचना देने की बात कही जिससे कोई घटना होने के पहले उस पर त्वरित कार्रवाई हो सके। जिनके समाधान के लिए पुलिस प्रशासन ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना रहा। इस मौके पर रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जयसवाल पेट्रोल पंप मलिक जन सेवा केंद्र मालिक बैंक बीसी कर्मचारी, रमेश यादव, पंचम दुबे, मनीष जायसवाल मौजूद रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी