जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के टकटैया गांव में रविवार को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। बताया जा रहा है कि जमीन पर खूंटा गाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और फावड़े लेकर आमने-सामने आ गए, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी