जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को नगर के खैरूद्दीनगंज स्थित टीचर कॉलोनी, डाक बंगला के बगल में समाजसेवी विनय सिंह ‘झगड़ू’ के आवास पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
अग्रिम हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद मखड़ू ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष रुकसाना कमाल फारुकी के पति कमाल अख्तर फारूकी जिला अध्यक्ष सोहेल देव भारतीय समाज पार्टी चंदन राजभर, ब्लाक प्रमुख रामनगर पति दयाराम पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान समाजसेवी विनय सिंह ‘झगड़ू’ ने शिविर में पहुंचे चिकित्सकों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिविर में क्षेत्र के करीब 1000 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। वाराणसी के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अविनाश चंद्र सिंह (एमडी) सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में न्यूरो, कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, गैस्ट्रो एवं ऑर्थोपेडिक विभाग से संबंधित मरीजों को निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शिविर में पहुंचे।
इस अवसर पर डॉ. रुझुन अग्रवाल (एमडी), डॉ. मृणाल जायसवाल (एमएस ऑर्थोपेडिक), डॉ. शारूख सैफ (एमएस गैस्ट्रो), डॉ. विकास कुमार मौर्य (एमडी मेडिसिन), डॉ. निलेश आनंद (एमडी क्रिटिकल केयर), डॉ. शुभम जायसवाल (एमडी गाइनकोलॉजिस्ट) और डॉ. अरुण बीआर (एमएस, न्यूरो सर्जरी) सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
समाजसेवी विनय सिंह ‘झगड़ू’ ने कहा कि क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शिविर का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
अंत में आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, सहयोगियों और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी