जौनपुर। मडियाहूं प्राचीन कांवरिया संघ की जलाभिषेक यात्रा के दौरान सोमवार को मड़ियाहूं कस्बे के गोला बाजार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैक्टर पर लदा एक विशालकाय डीजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान की ओर जा घुसा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई सामान्य मानकों से अधिक होने के कारण उसे संकरी सड़कों और बाजार क्षेत्र से निकालने में कठिनाई हो रही थी। इसी दौरान डीजे असंतुलित होकर मकान में टकराने से बाल बाल बचा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारी भीड़ और अत्यधिक ऊंचे डीजे को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि इस तरह के बड़े डीजे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक और अन्य आयोजनों में निकलने वाले डीजे वाहनों की ऊंचाई, चौड़ाई, ध्वनि स्तर और सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी