शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। शिक्षा, जागरूकता और संगठन किसी भी समाज की प्रगति के सबसे मजबूत आधार हैं। जब समाज का प्रत्येक बच्चा शिक्षित और युवा जागरूक होगा, तभी सामाजिक और आर्थिक मजबूती का रास्ता खुलेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी, काशी क्षेत्र के प्रांतीय मंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश अनुसूचित मोर्चा के शोध एवं नीति प्रमुख डॉ. अभिषेक रावत ‘पासी’ ने रविवार को मुंबई में अखिल भारतीय पासी विकास मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कही।
घाटकोपर (पश्चिम) स्थित पारसीवाड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में तीन दिवसीय मुंबई प्रवास पर आए डॉ. रावत का संस्था की ओर से सम्मान किया गया। इस दौरान पासी समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, युवाओं की भूमिका तथा संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

डॉ. रावत ने कहा कि वह मुंबई प्रवास के दौरान पासी समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहे हैं। इन मुलाकातों का उद्देश्य समाज के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति केवल आर्थिक संसाधनों से नहीं, बल्कि शिक्षा और जागरूकता से संभव है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी और समाज के बच्चे ही भविष्य के भाग्यविधाता और राष्ट्र निर्माता हैं। इसलिए उनकी शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है। जब समाज का प्रत्येक बच्चा शिक्षित होगा, तभी आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और समाज का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर शिक्षा और संगठन के माध्यम से सामाजिक उत्थान के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र पासी, पूर्व अध्यक्ष मिठाईलाल सरोज, इंजीनियर सरोज, हरिलाल मास्टर, दुर्गेश सरोज, उमापति पासी, एस. प्रसाद सरोज, प्रकाश पासी, डॉ. सभाजीत पासी, इंदल सरोज, अनिल पासी, शैलेश सरोज, सुरेशचंद सरोज, नंदलाल सरोज, जनार्दन पासी, जयप्रकाश पासी, कमलेश सरोज, बबीता सरोज और राकेश रावत सहित बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी