जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर, प्रयागराज मार्ग कोदहूं बाईपास के पास खड़े ट्रक में टेंपो सामने से भिड़ गई। हादसे में टेंपो के आगे बैठे श्याम सुंदर शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर ले जाया गया जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। टेंपो में सवार चार अन्य लोगों को भी चोटें आईं। हालांकि उन्हें हल्की चोटें आने के कारण वे अपने-अपने घर चले गए।
प्रयागराज के फूलपुर से एक टेंपो सवारियां लेकर मुंगराबादशाहपुर की तरफ आ रहा था। टेंपो में पांच लोग सवार थे। मुंगराबादशाहपुर बाईपास कोदहूं के पास एक ट्रक पहले से खड़ी थी। इसी दौरान टेंपो अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से सामने टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के आगे बैठे फूलपुर प्रयागराज निवासी श्याम सुंदर शुक्ला (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल श्याम सुंदर शुक्ला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में मामूली रूप से घायल अन्य चार सवारियां अपने-अपने घर चली गईं। इस संबंध में थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि टेंपो अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया था जिससे श्याम सुंदर शुक्ला घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी