विनय श्रीवास्तव पालघर
पालघर( मुंबई)। सूर्योपासना और लोकआस्था का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में छठव्रती कठोर नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में बसे भारतीय समुदायों में भी छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन ‘नहाय-खाय’ की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती घरों की साफ-सफाई और स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे।
शनिवार, 14 नवंबर को पंचमी तिथि पर ‘खरना’ होगा। इसके बाद लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार, 15 नवंबर को षष्ठी तिथि पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार, 16 नवंबर को सप्तमी तिथि पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। छठ पूजा के पहले दिन शुक्रवार को व्रती स्नान और घर की शुद्धि के बाद लौकी की सब्जी, अरवा चावल सहित सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे।
दूसरे दिन शनिवार को पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को खरना की पूजा होगी। इस अवसर पर मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से अथवा स्वच्छ पारंपरिक चूल्हे पर नए चावल, गाय के दूध और गुड़ से खीर तैयार की जाएगी। इसके साथ घी में बनी रोटी का प्रसाद भगवान को अर्पित किया जाएगा। पूजा के बाद प्रसाद परिवार, पड़ोसियों और इष्ट-मित्रों में वितरित किया जाएगा। खरना के बाद व्रती निर्जला व्रत शुरू करेंगे।
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठव्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को वे नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों पर बनाए गए छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलकामना की जाएगी।
चौथे और अंतिम दिन सोमवार को तड़के से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगेगी। व्रती जल में खड़े होकर उगते सूर्य यानी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का विधिवत समापन होगा। इसके बाद छठ प्रसाद वितरित कर व्रती पारण करेंगे।
छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा में जुटा प्रशासन जिले में लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक छठ घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग मिल रहा है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी