विनय कुमार श्रीवास्तव
पालघर(महाराष्ट्र)। बोईसर पुलिस थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं और मारपीट के एक मामले में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर तीन अपराध दर्ज किए हैं। एक आवासीय परिसर के तीन घरों से करीब 3.77 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई, जबकि टीमा अस्पताल के महिला वार्ड से एक मरीज का मोबाइल फोन गायब हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना त्रिवेदी नगर, सरावली स्थित कार्तिक सोसायटी में हुई। यहां अज्ञात चोरों ने आवासीय परिसर के तीन घरों में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 77 हजार रुपये बताई गई है। यह वारदात 3 नवंबर की रात से 17 नवंबर 2026 की सुबह के बीच हुई। इस मामले में साईदीप सोसायटी, त्रिवेदी नगर निवासी छोटेलाल जिउत सिंह (48) ने अपने बड़े भाई और अन्य लोगों की ओर से शिकायत दर्ज कराई है।
चोरी की दूसरी घटना बोईसर के टीमा अस्पताल में हुई। 17 नवंबर की सुबह करीब 3.30 बजे महिला सामान्य वार्ड में उपचार करा रही एक महिला के बिस्तर के पास रखा रेडमी कंपनी का काले रंग का मोबाइल फोन अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में गणेश नगर, बोईसर निवासी शुभम शिवानंद गौड़ (27) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, मारपीट की तीसरी घटना बोईसर के आदर्शनगर स्थित भीमनगर क्षेत्र में सामने आई है। शिकायतकर्ता सुशील विमल मिश्रा (32) के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोगों ने उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज की और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। इस घटना में शिकायतकर्ता और उनकी बहन पूजा विमल मिश्रा घायल हो गईं। शिकायत में चार लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
बोईसर पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी