विनय कुमार श्रीवास्तव रिपोर्टर
पालघर(महाराष्ट्र)। बोईसर के बेटेगांव इलाके में रविवार दोपहर पेट्रोल पंप के समीप स्थित भंगार गोदाम और गैराज में भीषण आग लगने से वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से आग को पेट्रोल पंप तक फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे खैरापाड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र के बेटेगांव में मुख्य सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप के पास भंगार गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान और गैराज में मौजूद तेल के कारण आग ने कुछ ही समय में भीषण रूप धारण कर लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही बोईसर पुलिस चौकी के माध्यम से एमआईडीसी तारापुर की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने सबसे पहले आग की लपटों को पेट्रोल पंप की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटनास्थल के पास पेट्रोल पंप और वहां खड़े वाहनों की मौजूदगी के कारण बड़े हादसे का खतरा था। दमकल विभाग की समय रहते की गई कार्रवाई से आग आसपास फैलने से रुक गई। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी