जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के जोगापुर नहर पुलिया के पास मंगलवार की रात 10.45 बजे सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में युवक की मौत हो गई।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के छांगापुर गांव निवासी चंदन चौरसिया (28) अपनी बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जोगापुर नहर पुलिया के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चंदन चौरसिया की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया आगे कि विधिक कार्यवाही की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी