जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन कुटी निवासी 62 वर्षीय विजयधर यादव की शनिवार की देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मड़ियाहूं से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जौनपुर-भदोही मुख्य मार्ग पर कोटि गांव के पास सड़क किनारे स्थित नाले की पुलिया से टकराकर नाले में गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
*मड़ियाहूं से घर लौटते समय कोटिगांव के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा*
जानकारी के अनुसार, सिधवन कुटी निवासी विजयधर यादव (62) पुत्र विकरमा यादव शनिवार की देर रात मड़ियाहूं से घर लौट रहे थे। अभी वह कोटि गांव के पास पहुंचे थे कि सड़क किनारे स्थित नाले की पुलिया से टकरा गए। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरे। देर रात हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार और जमालापुर चौकी प्रभारी रामासरे कुशवाहा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद विजयधर यादव को नाले से बाहर निकलवाया। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। हादसे में उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर गांव के लोग और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की अचानक मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी