MARIYAHU. मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के जयसिंहपुर बजार स्थित शेखपुर स्कूल के प्रांगण में रविवार को स्व. अनुग्रह नारायण सिंह पटेल की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं बुद्धिजीवी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही। श्रद्धांजलि सभा का संचालन पूर्व मंत्री वंश नारायण सिंह पटेल के बड़े बेटे निर्भय नारायण पटेल एवं ज्ञान प्रकाश पटेल की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए संवेदना व्यक्त की।

सभा में मुख्य अतिथि के रूप में मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज शामिल हुईं। उन्होंने स्व. अनुग्रह नारायण सिंह पटेल के सामाजिक योगदान, संघर्षशील जीवन और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण किया। रानीगंज विधायक आर.के. वर्मा ने कहा कि पटेल जी जनमानस के नेता थे, जिन्होंने सदैव समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को बुलंद किया। मड़ियाहूं विधायक प्रतिनिधि डॉ. सुरभि गंगवार ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक सोच और विकासात्मक दृष्टिकोण को आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि वह समाज के लिए एक धरोहर रहे।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लाक प्रमुख कैलाशनाथ यादव, पूर्व प्रत्याशी सुशील पटेल, प्रदेश सचिव उदय पटेल, शरद पटेल, मुन्ना पटेल, चंद्रशेखर पटेल, जिला पंचायत सदस्य डा. सुनीता वर्मा, राजेंद्र पटेल, जिला पंचायत सदस्य ललई सरोज सहित कई क्षेत्रीय पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्व. पटेल का जीवन समाज और राजनीति में पारदर्शिता, ईमानदारी और आदर्शों का प्रतिमान था, जिसे निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
दिवंगत नेता की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीणों ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सदैव साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। अंत में परिजनों ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के पश्चात प्रसाद एवं जलपान वितरण के साथ श्रद्धांजलि सभा संपन्न हुई।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी