RAMPUR. जौनपुर जिले के रामपुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ ने कार्यालय में घुसकर शिवसेना नेता समेत कुछ लोगों द्वारा अभद्रता एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग किया है।
विद्युत एसडीओ मुरलीधर का आरोप है कि मई गांव निवासी शिवसेना नेता गुलाबचंद दुबे अपने 5–6 सहयोगियों के साथ बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और सुरक्षा गार्ड अतुल दुबे द्वारा उन्हें थप्पड़ मारा गया। आरोप है कि कार्यालय के कागजात व रजिस्टर फाड़कर तितर–बितर कर दिए तथा कंप्यूटर को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। घटना के बाद एसडीओ अपने स्टाफ के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दिया है।

मामले में शिवसेना प्रवक्ता गुलाब चंद दूबे क्या बोले
वहीं मुंबई शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाबचंद दुबे ने एसडीओ द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।उन्होंने कहा कि मई गांव स्थित मंदिर के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार काफी नीचे लटक रहा है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायत एसडीओ तथा अधिशासी अभियंता जौनपुर को दी जा चुकी है।
श्री दुबे का कहना है कि वे सुल्तानपुर जाते समय समाधान के लिए कार्यालय पहुंचे थे, जहां एसडीओ ने उनसे कथित रूप से हाईटेंशन तार हटाने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर एसडीओ द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। श्री दुबे ने यह भी बताया कि मारपीट अथवा कागजात फाड़ने जैसी कोई घटना नहीं हुई, यह सभी आरोप झूठे हैं। और मुझे बदनाम करने की साजिश है।
रामपुर थाना इंस्पेक्टर विनोद कुमार क्या बोले
मामले में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि विद्युत एसडीओ की तहरीर पर शिवसेना प्रवक्ता समेत 6 लोगों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी