Breaking News

JAUNPUR. केराकत की ज़ीनत शेख बनीं ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0’ की राष्ट्रीय विजेता

JAUNPUR. केराकत में शिक्षा जगत के लिए गर्व का अवसर तब आया जब वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0 के विजेताओं की घोषणा रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर की गई, जिसमें एस. डी. पब्लिक स्कूल, केराकत की कक्षा 12वीं की प्रतिभावान छात्रा ज़ीनत शेख का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ।
रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल ‘प्रोजेक्ट वीर गाथा’ वर्ष 2021 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत प्रारंभ किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले जांबाज़ों, उनके योगदान और प्रेरक जीवन प्रसंगों से अवगत कराना और देशभक्ति व राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
इस वर्ष आयोजित वीर गाथा 5.0 में देशभर से रिकॉर्ड 1.92 करोड़ विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से विभिन्न स्तरों पर कुल 100 मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विजेता चुना गया। चयनित छात्रों को चार समूहों—कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 8, तथा कक्षा 9-10 और 11-12—में वर्गीकृत किया गया है। माध्यमिक स्तर पर 50 छात्र चुने गए, जिनमें ज़ीनत शेख ने भी अपना स्थान बनाया।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित “सुपर 100” विजेताओं को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा और उन्हें गणतंत्र दिवस परेड 2026 में कर्तव्य पथ पर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए किसी जीवनभर के गौरव से कम नहीं है।
ज़ीनत शेख के इस उल्लेखनीय चयन की सूचना मिलते ही एस. डी. पब्लिक स्कूल परिवार में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक–शिक्षिकाओं ने ज़ीनत को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ज़ीनत की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे केराकत क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।

About BRC24NEWS

Check Also

जौनपुर। मुफ्तीगंज में टीनशेड तो मडियाहू में विशालकाय गिरा पेड़ कोई हताहत नहीं

जौनपुर। मुफ्तीगंज विकास खंड के रामपुर बाजार में तेज हवा व बरसात के चलते टीनशेड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!