कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बलियापुर गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गुटखा लेने गए एक युवक पर तीन अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में युवक के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी अनुसार बलियापुर गांव निवासी राहुल तिवारी सोमवार को गांव की एक दुकान पर गुटखा खाने गए थे। इसी दौरान वहां तीन युवक बाइक से पहुंचे, जिन्हें राहुल के साथ मौजूद एक व्यक्ति जानता था। अचानक तीनों युवकों में से एक ने फायरिंग शुरू कर दी। तीन राउंड फायरिंग में से दो गोलियां राहुल को नहीं लगीं, जबकि एक गोली उनके दाहिने पैर की जांघ में जा लगी।
घटना के बाद घायल युवक को परिजन तत्काल हवासपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. अमित निरंजन ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राहुल तिवारी का कहना है कि उनका आरोपियों से कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं है, इसके बावजूद उन पर जानलेवा हमला किया गया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डेरापुर सौरव वर्मा, मंगलपुर थाना प्रभारी महेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। क्षेत्राधिकारी सौरव वर्मा ने बताया कि फायरिंग के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। घटना को लेकर घायल युवक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी