JAUNPUR. जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीन गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक संजीव के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से तीन-चार लोग उन्हें घर बुला रहे थे, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका के चलते वह वहां नहीं गए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी हथियारों से लैस होकर संजीव के घर पहुंच गए और अवैध असलहे से अंधाधुंध फायरिंग करने का प्रयास किया। संजीव और उनके परिवार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। फायरिंग में असफल रहने पर आरोपियों ने ‘बल्लम’ जैसे नुकीले धारदार हथियार से संजीव पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल संजीव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी