जौनपुर। जिले के जफराबाद क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार की दोपहर एक वृद्ध महिला के गले से 15 ग्राम सोने की चेन छीनकर भाग रहे फेरी वाले बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।
गांव निवासी ज्ञान देवी पत्नी स्वर्गीय उमाशंकर राय के घर एक बाइक सवार युवक कुकर और कड़ाही बेचने के बहाने पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने घर में किसी अन्य व्यक्ति को न देखकर अचानक अंदर घुसकर वृद्धा का गला और मुंह दबा दिया तथा उनके गले से 15 ग्राम की सोने की चेन खींच ली। इस दौरान वृद्धा के होंठ कट गए, जिससे खून निकलने लगा। चेन छीनकर बदमाश बाइक लेकर भागने लगा। तभी ज्ञान देवी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। इसी दौरान अंकित विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा ने साहस दिखाते हुए भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया। तब तक अन्य लोग भी पहुंच गए और उसे पकड़कर बैठा लिया। सूचना पर कल्याणपुर बाजार में मौजूद एसआई विजय प्रताप सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को बाइक और उसके पास से मिले चाकू के साथ हिरासत में ले लिया। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम कन्हैया पांडेय पुत्र राजदेव पांडेय निवासी कपिया निजामत थाना महराजगंज, जनपद सिवान (बिहार) बताया। उसने बताया कि वह वर्तमान में आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के पास रहता है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी