जौनपुर। जिले के जफराबाद क्षेत्र के बैजाबाद गांव निवासी 30 वर्षीय युवक ने सोमवार की देर रात पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि बैजाबाद गांव निवासी सूरज चौहान पुत्र बाबूराम चौहान की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहकर रोजी-रोटी कमाता था। लगभग दो माह पूर्व उसकी पत्नी ने मुंबई में फांसी लगाकर जान दे दी थी। पत्नी का अंतिम संस्कार करने के बाद सूरज घर लौट आया और गांव में रहने लगा था।
सोमवार की रात खाना खाने के बाद सूरज अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो सूरज पंखे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में रोना-पीटना मच गया और गांव में भी सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि पत्नी की मौत के बाद सूरज काफी परेशान रहने लगा था और नशा भी करने लगा था। मृतक अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी