जौनपुर। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव के पास बुधवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने एक सहज जन सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक और बैग लेकर फरार हो गए। धर्मापुर ब्लॉक के गोसाईंपुर गांव निवासी प्रेमचंद यादव घर से लगभग सवा किलोमीटर दूर गोसाईंपुर चौराहे पर सीएससी केंद्र संचालित करते हैं। बुधवार की रात लगभग नौ बजे वह अपना केंद्र बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह ब्राह्मण बस्ती के पास पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन पर गोलियां चला दीं। एक गोली उनके सीने और दूसरी पेट के बीच में लगी। घायल अवस्था में प्रेमचंद भागकर पास की बस्ती में पहुंचे और लोगों से जान बचाने की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी