जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के खेमापुर गांव में शनिवार शाम करीब 8 बजे तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक वृद्ध सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेमापुर निवासी फैलू सोनकर (70 वर्ष) रोज की तरह अपनी लूना बाइक से रामपुर बाजार में सब्जी बेचने के बाद घर लौट रहे थे। वह स्वास्थ्य केंद्र खेमापुर के सामने नेशनल हाईवे पर कट डिवाइडर से सड़क पार कर रहे थे, तभी जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलोरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार बोलोरो चालक टक्कर मारने के बाद वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी