जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह फीडर अंतर्गत बरेठी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में संविदा लाइनमैन अशोक यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि संविदा लाइनमैन अशोक यादव हाईवोल्टेज लाइन की खराबी ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े थे। परिजनों का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले अशोक यादव ने पावर हाउस पर फोन कर शटडाउन लिया था। इसके बावजूद अचानक लाइन चालू हो जाने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद लाइनमैन लगभग एक मिनट तक खंभे से चिपके रहे, जिसके बाद नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के बेटे ने बिजली विभाग के जिम्मेदार एसएसओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत तरीके से सप्लाई चालू किए जाने के कारण उनके पिता की जान गई है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और एक्सईएन को तत्काल दी गई, लेकिन तीन घंटे बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, नायब तहसीलदार तथा बरसठी थाना की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। मौके पर जुटे ग्रामीणों और परिजनों ने दोषी बिजली कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा दिए जाने की मांग की है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी