जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव के पास लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बुधवार पूर्वाह्न हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। अज्ञात ट्रक की टक्कर से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रुप से घायल युवती की जिलास्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
गंगौली गांव निवासी गौरव वर्मा (20) अपनी बहन की ननद नेहा वर्मा (24) पुत्री सन्तराम निवासी करनपुर लंभुआ सुल्तानपुर को टेट की परीक्षा दिलाने के लिए लेकर जा रहा था। पिपरौल गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल नेहा को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
बताया जाता है कि गौरव निजी चिकित्सक सियाराम वर्मा का इकलौता बेटा था। बचपन में ही उसकी मां का निधन हो गया था। पिता की दूसरी शादी के बाद भी कोई संतान नहीं हुई। गौरव की मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनो की लिखित सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ,तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी