जौनपुर। जिले के थाना रामपुर पुलिस ने राजापुर गांव में हुए हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी रामपुर रमेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना रामपुर पर पंजीकृत मु0अ0सं0-146/26, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महावीर प्रसाद तिवारी उर्फ बब्बन तिवारी पुत्र स्व. भोलानाथ तिवारी, उनकी पत्नी नीलम तिवारी तथा पुत्री अंजली तिवारी, निवासी ग्राम राजापुर, थाना रामपुर, जनपद जौनपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को सोमवार सुबह लगभग 10:05 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से आवश्यक पूछताछ एवं अन्य विधिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके उपरांत उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी रमेश कुमार, चौकी प्रभारी गोपालापुर उपनिरीक्षक महंगू यादव सहित थाना रामपुर की पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले में विवेचना जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी