Breaking News

मुंबई। अंधेरी में युवासेना ने 250 मेधावी छात्रों का किया सम्मान, नि:शुल्क बैग व लेखन सामग्री वितरित

शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। शिवसेना (उद्धव) युवासेना, अंधेरी पूर्व विधानसभा क्षेत्र की ओर से शुक्रवार देर शाम अंधेरी (पूर्व) के अंधेरी-कुर्ला रोड स्थित विशाल हॉल में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बालासाहेब ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 10 वीं और 12 वीं के 250 विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग, पेन तथा अन्य लेखन सामग्री वितरित की गई।

फोटो-👆कार्यक्रम में छात्र/छात्राओं को बैग वितरित करते हुए पूर्व विधायक ऋतुजा रमेश लटके

कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के उपनेता अमोल कीर्तिकर ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक एवं युवासेना अंधेरी पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभाग अधिकारी अमेय रमेश लटके की सराहना करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आज सम्मानित होने वाले यही विद्यार्थी आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और पुलिस अधिकारी बनकर देश व समाज की सेवा करेंगे।

फोटो👆 कार्यक्रम में शिवसेना के उपनेता अमोल कीर्तिकर का स्वागत करते हुए आयोजक अमेय रमेश लटके। साथ में हैं पूर्व विधायक ऋतुजा लटके।

कीर्तिकर ने कहा कि अमेय लटके के नेतृत्व में युवाओं के माध्यम से अंधेरी में संगठन को मजबूत करने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने पार्टी के दिवंगत विधायक रमेश लटके के अंधेरी के विकास में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बाद विधायक बनीं ऋतुजा रमेश लटके ने भी क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आयोजक अमेय रमेश लटके ने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना है। 250 छात्रों को नि:शुल्क बैग, पेन और लेखन सामग्री देकर शिक्षा के प्रति उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार आने वाले समय में अंधेरी के प्रत्येक बूथ और वार्ड तक संगठन को मजबूत किया जाएगा,जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ऋतुजा रमेश लटके, उपविभाग अधिकारी संदेश मोरे, जयेंद्र कूटे, अनिकेत छाछड़, शाखा अधिकारी मनीष नेरुलकर, समन्वयक प्रलेश सावंत, संतोष रहाटे, सहित बड़ी संख्या में युवासेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे।

About BRC24NEWS

Check Also

जौनपुर। मुफ्तीगंज में टीनशेड तो मडियाहू में विशालकाय गिरा पेड़ कोई हताहत नहीं

जौनपुर। मुफ्तीगंज विकास खंड के रामपुर बाजार में तेज हवा व बरसात के चलते टीनशेड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!