शीतला प्रसाद सरोज मुंबई
मुंबई। लोगों के मनोरंजन और दीपावली की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी, वार्ड क्रमांक-80 की ओर से आंधेरी (पूर्व) के ओल्ड नागरदास रोड स्थित रमणिकलाल भूता ग्राउंड पर दीपावली संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हिंदी और मराठी गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र के आराध्य देव छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
इस दौरान प्रमुख अतिथि सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता आचार्य पवन त्रिपाठी ने दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रभु श्रीराम ने धैर्य के साथ असत्य के विरुद्ध संघर्ष कर विजय प्राप्त की, उसी तरह हमें भी समाज में व्याप्त कुरीतियों और बुराइयों के खिलाफ संघर्ष कर उन पर विजय हासिल करनी चाहिए।
स्थानीय विधायक मुरजी पटेल ‘काका’ ने भी दीपावली के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और उपस्थित लोगों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में हिंदी और मराठी के लोकप्रिय गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने खूब आनंद लिया।
सह आयोजक और स्थानीय नगरसेविका दिशा संध्या यादव ने अतिथियों का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ व स्मृतिचिह्न देकर सम्मान किया। वहीं, आयोजक एवं पूर्व नगरसेविका संध्या सुनील यादव ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगरसेविका अंजली अभिजीत सामंत, नगरसेविका ममता यादव, पूर्व नगरसेवक पंकज यादव, समाजसेवी डॉ. शिवश्याम तिवारी, समाजसेवी प्रमोद श्यामाचरण पांडेय, भाजपा नेता अखिलेश सिंह, संतोष केलकर, गणेश देसाई, जगत गौतम, राकेश तिवारी, बच्ची सिंह और संजय चौरसिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी