जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में दीपावली से एक दिन पहले पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर बनारसी की गली स्थित एक मकान में भारी मात्रा में पटाखे बरामद होने की सूचना है। आबादी के बीच और घनी बाजार में पटाखों का इतना बड़ा भंडार मिलने से स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं आईपीएस गोल्डी गुप्ता ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ सुभाष गुप्ता के मकान पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर पहुंचने पर पुलिस को बड़ी संख्या में पटाखों से भरी बोरियां मिलीं। इसके बाद पुलिस टीम ने पटाखों को बोरियों में भरकर कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि घनी आबादी और बाजार के बीच इतनी भारी मात्रा में पटाखे किस उद्देश्य से रखे गए थे? संबंधित व्यक्ति के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस था या नहीं, इसकी भी जांच की जानी आवश्यक है।
गौरतलब है कि पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर सुरक्षा के निर्धारित नियम हैं। ऐसे में थाने से चंद कदमों की दूरी पर मकान के अंदर पटाखों का इतना बड़ा भंडार मिलने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। अब देखना होगा कि जांच में भंडारण और बिक्री से जुड़े कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
घनी आबादी के बीच पटाखों का भंडारण किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता था। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी