Breaking News

मुंबई। भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर पालघर में जनजातीय गौरव सप्ताह, छ: स्थानों पर लगेंगे सेवा शिविर

विनय श्रीवास्तव पत्रकार
पालघर(मुंबई)। आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और विकास को केंद्र में रखकर पालघर जिले में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सेवा सप्ताह-2026’ मनाया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के तहत जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम और सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। छह स्थानों पर आधार कार्ड और सरकारी दस्तावेजों से संबंधित शिविर लगाए जाएंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर सांसद डॉ. हेमंत सवरा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जव्हार एवं डहाणू के एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी पी. के. सिद्धार्थ रामकुमार और अमल पी.वी., उपजिलाधिकारी रणजीत देसाई सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी डॉ. जाखड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह किया था। उनका संघर्ष आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और अस्मिता का प्रतीक है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आदिवासी समुदाय को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना इस सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है।
18 नवंबर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 13 नवंबर को राज्य के वन एवं पालकमंत्री गणेश नाईक विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को चेक वितरित करेंगे। 14 नवंबर को आदिवासी स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम गढ़चिरौली में आयोजित होगा। इसी दिन जव्हार में रैली निकाली जाएगी और राजीव गांधी मैदान में भव्य कार्यक्रम होगा।
छह स्थानों पर सरकारी दस्तावेजों के लिए शिविर 16 नवंबर को आधार कार्ड और सरकारी दस्तावेजों से संबंधित सेवा शिविर तलासरी के सवणे, डहाणू के आशागढ़ कन्या, जव्हार के रायातले, विक्रमगढ़ के सारशी, मोखाडा के खोच और वाडा के खुपरी में आयोजित किए जाएंगे। 17 नवंबर को स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। 18 नवंबर को आदिवासी समाज के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक सशक्तीकरण दिवस के साथ सेवा सप्ताह का समापन होगा। इस अवसर पर जव्हार परियोजना कार्यालय और डहाणू उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने नागरिकों से सेवा सप्ताह के कार्यक्रमों और शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

About BRC24NEWS

Check Also

जौनपुर। सरकारी कार्य में बाधा डालने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

जौनपुर। जिले में शाहगंज नगर के पक्का पोखरा के सौंदर्यीकरण कार्य में बाधा डालने, नगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!