जौनपुर। जिले के बरसठी क्षेत्र के हसियां जूनियर हाईस्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल वीडियो में सुबह करीब 9:30 बजे तक विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिखाई दे रहा है। स्कूल पहुंचे बच्चे गेट बंद होने के कारण बाउंड्री वॉल के सहारे विद्यालय परिसर में प्रवेश करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ बच्चे बाहर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
गांव के ही एक युवक द्वारा वीडियो बनाए जाने पर बच्चों ने कथित तौर पर बताया कि इस तरह का वीडियो कई बार बन चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। बच्चों के अनुसार, अध्यापक 9:30 बजे के बाद ही विद्यालय पहुंचते हैं।
मामले को लेकर जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने शिकायतकर्ता से लिखित शिकायत देने की बात कही, जिसके बाद जांच किए जाने की बात सामने आई।
सवाल यह है कि जब विद्यालय के समय पर खुलने और शिक्षकों की उपस्थिति से जुड़ा वीडियो सामने आ रहा है, तो क्या विभाग स्वयं इसकी जांच नहीं कर सकता? क्या हर वायरल वीडियो को जांच के लिए लिखित शिकायत का इंतजार करना जरूरी है? यदि बच्चे समय पर विद्यालय पहुंच रहे हैं और गेट पर ताला लगा मिल रहा है, तो जवाबदेही आखिर किसकी है?
बरसठी के तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी का अंतर्जनपदीय स्थानांतरण हो चुका है। ऐसे में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही किस स्तर पर सुनिश्चित की जा रही है, यह भी महत्वपूर्ण सवाल है।
वीडियो सामने आने के बाद अब ग्रामीणों और अभिभावकों की निगाहें शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं। आखिर बच्चों के भविष्य से जुड़े ऐसे मामलों में विभाग स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा या फिर जिम्मेदारी शिकायतकर्ता के लिखित आवेदन तक ही सीमित रहेगी?
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी