विनय श्रीवास्तव पालघर
मुंबई/पालघर। मुंबई ग्राहक पंचायत को संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास संगठन (UNCTAD), जिनेवा में ग्राहक कानून, नीति एवं संरक्षण के क्षेत्र में विशेष निरीक्षक के रूप में स्थायी दर्जा प्रदान किया गया है। जिनेवा में 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित संयुक्त राष्ट्र व्यापार मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसकी सूचना संस्था के कार्याध्यक्ष एड. शिरीष देशपांडे को पत्र के माध्यम से दी गई है।
*विश्व की पहली सम्मान पाने वाली स्वयंसेवी ग्राहक संस्था बनी ‘मुंबई ग्राहक पंचायत’*
संयुक्त राष्ट्र के वर्ष 1985 के ग्राहक संरक्षण दिशानिर्देशों में 2015 में व्यापक संशोधन कराने में एड. शिरीष देशपांडे एवं उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संशोधित दिशानिर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के लिए गठित व्यवस्था के प्रमुख सूत्रधार भी देशपांडे रहे हैं। वर्ष 2016 से जिनेवा में आयोजित वार्षिक सम्मेलनों में ‘मुंबई ग्राहक पंचायत’ निरंतर अध्ययनपूर्ण योगदान देती रही है।
पिछले वर्ष छह वर्षों के सतत प्रयासों के बाद वैश्विक ऑनलाइन विवाद निवारण व्यवस्था का प्रस्ताव भी UNCTAD में स्वीकार किया गया था। इसके क्रियान्वयन के लिए इच्छुक सदस्य देशों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। मुंबई ग्राहक पंचायत इस व्यवस्था के लिए भारत सरकार से पहल करने तथा इसका मुख्य केंद्र मुंबई में स्थापित करने की मांग कर रही है।
विशेष निरीक्षक का स्थायी दर्जा प्राप्त करने वाली मुंबई ग्राहक पंचायत दुनिया की एकमात्र स्वयंसेवी ग्राहक संस्था बन गई है। संस्था को यह गौरव UNCTAD के साथ 14 वर्षों के निरंतर एवं अध्ययनपूर्ण कार्य के परिणामस्वरूप प्राप्त हुआ है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में एड. शिरीष देशपांडे को शुभदा चौकर, वसुंधरा देवधर, वर्षा राऊत, अर्चना सबनीस, शर्मिला रानडे, एड. पूजा जोशी-देशपांडे, अनुराधा देशपांडे एवं नेहा जोशी का सक्रिय सहयोग मिला।
एड. देशपांडे ने कहा कि यह सम्मान केवल गौरव का विषय नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर संस्था की जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला है। अब मुंबई ग्राहक पंचायत को ग्राहक संरक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी