SIKRARA. जौनपुर जिले के सिकरारा में बुधवार की सुबह एक बी.फार्मा का छात्र की सरेराह चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना समाधगंज बाजार के पास कुरनी ग्राम पंचायत भवन के सामने अंजाम दी गई। बी.फार्मा का छात्र परीक्षा देने के लिए घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि अनुज यादव पुत्र भोला यादव निवासी जमालपुर थाना मछलीशहर बाइक से परीक्षा देने जा रहा था, तभी उसका पड़ोसी मनोज यादव भी बाइक से उसका पीछा करने लगा। रास्ते में सुनसान जगह देखकर मनोज ने अनुज की बाइक रुकवा ली और उस पर चाकू से वार कर घायल करने के बाद गला रेत दिया। जिससे अनुज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर परमानंद कुशवाहा व प्रभारी निरीक्षक सिकरारा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं और पुलिस को तहरीर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि अनुज का अपने पड़ोसियों से पुराना विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया है। आरोपी मनोज यादव के अपने गांव में छिपे होने की सूचना मिली है। पुलिस उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी