RAMPUR NEWS. जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलहा में बुधवार को कथित धर्मांतरण गतिविधियों की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल बरामद कर जांच शुरू कर दिया है। गिरफ्तारी के दौरान धर्मांतरण से संबंधित कोई भी आपत्तिजनक किताबें आदि नहीं पाई गई।
बताते चले की बुधवार को रामपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार को कुछ तथाकथित संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा सूचना दिया गया था कि रसूलहा गांव में एक व्यक्ति द्वारा धर्मांतरण का कार्य तेजी के साथ कराया जा रहा है हम लोग मौके पर हैं, आरोपी भागने की फिराक में है। संगठन की सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मौके की स्थिति की जानकारी किया। संगठन के आरोप पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। जिसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है, हालांकि एक मोबाइल फोन आरोपी के पास मिला है उसको जांच के लिए जब्त किया गया है।
ग्रामीणों के आरोप वर्षों से चल रही थीं गुप्त प्रार्थनाएं
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक निवासी द्वारा अपने निजी आवास पर कई वर्षों से गुप्त रूप से ईसाई प्रार्थनाएं की जा रही थीं। दावा है कि वहां आने वाले लोगों, विशेष रूप से महिलाओं और पुरुषों को, ईसाई धर्म अपनाने के लिए मानसिक रूप से प्रेरित किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इस गतिविधि को धर्मांतरण का प्रयास बताया।
तथाकथित संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही तथाकथित संगठन के कुछ कार्यकर्ता थाने पहुँचकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने आरोप लगाया कि यह घटना सामाजिक सौहार्द्र को प्रभावित कर सकती है।
अभी तक किसी ने आरोपी के खिलाफ नहीं दिया लिखित तहरीर
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौके से कोई धर्मांतरण सामग्री नहीं मिली है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है एक मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त किया गया है। इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त होती है तो उसी के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कुछ तथाकथित द्वारा बाइबल मिलने की फैलाई जा रही है अफवाहें
पत्रकारिता में अधकचरी जानकारी रखने वाले कुछ तथाकथित लोग जो सोशल मीडिया से जुड़े हैं ऐसे लोग धर्मांतरण वाले जगह से बाइबल एवं अन्य सामान मिलने की अफवाहें फैलाकर समाज में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का बढ़ावा दे रहे हैं। बीआरसी 24 न्यूज़ थाना प्रभारी विनोद कुमार से अपील करता है कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करें जिससे समाज में गलत अफवाहें न जाने पाएं।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी