शीतला प्रसाद सरोज मुंबई
MUMBAI. मुंबई के अंधेरी पूर्व नगर निगम चुनाव की घोषणा से पहले ही वार्ड 79 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस वार्ड में महागठबंधन सहित बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट), शिवसेना (उद्धव गुट), कांग्रेस, उत्तर भारतीय विकास सेवा और कई सामाजिक संगठनों ने सक्रियता बढ़ा दी है।
हालाँकि अभी तक किसी भी दल ने आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
कांग्रेस से टिकट की प्रबल दावेदार कानूनविद प्रियंका मिश्रा ने बातचीत में बताया कि उनका दावा मजबूत है और पार्टी में उनसे बेहतर विकल्प उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि “अंधेरी पूर्व की जनता मुझे दिल से समर्थन दे रही है। हमारे साथ उत्तर भारतीय, मुस्लिम और समाज के अन्य वर्ग सक्रिय रूप से जुड़ रहे हैं। लोग चाहते हैं कि मैं चुनाव लड़ूँ।”
प्रियंका मिश्रा ने आरोप लगाया कि नगर निगम में कई कर्मचारी पिछले चुनावों में उम्मीदवारों के साथ अनुचित व्यवहार करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता इन बातों को समझती है और इस बार जागरूक होकर अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेगी।
उनके अनुसार, वार्ड 79 में एक दर्जन से अधिक दावेदार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। कुछ तो यह तक कह चुके हैं कि “जो भी खर्च आएगा, हम तैयार हैं”, लेकिन जनता विकास-कार्य और ईमानदार नेतृत्व की अपेक्षा रखती है।
सूत्रों के अनुसार, सभी पार्टियाँ विधानसभाओं के शीतकालीन सत्र के बाद ही उम्मीदवारों की घोषणा करेंगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही वार्ड 79 में मुकाबला और तेज होने की संभावना है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी