जौनपुर। जिले के बरसठी विकास खंड में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए सराहनीय पहल की है। क्षेत्र पंचायत के माध्यम से विभिन्न बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर एक दर्जन से अधिक वाटर कूलर व प्याऊ की व्यवस्था कराई गई है, जिससे राहगीरों, मजदूरों और आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।
*एक दर्जन से अधिक स्थानों पर लगाए गए वाटर कूलर और प्याऊ, राहगीरों को मिल रही राहत*
गोरापट्टी, परियत, निगोह, आलमगंज, मियाचक, सरसरा, बरसठी, पूरेसवा, पदुमपुर सहित अन्य स्थानों पर लगाए गए प्याऊ लोगों के लिए इस तपती गर्मी में राहत का सहारा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने इस जनहितकारी कार्य की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इस तरह की पहल से प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होता है।
*गर्मी से बचाव को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ की बैठक*
खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने विकास खंड कर्मचारियों के साथ बैठक कर गर्मी से बचाव हेतु विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आदेश दिया है ताकि इंसानों के साथ-साथ पशुओं को भी गर्मी से राहत मिल सके।
*समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के लिए बनी मिसाल*
जहां एक ओर भीषण गर्मी में लोग पानी की एक बूंद के लिए परेशान दिखाई दे रहे हैं, वहीं बरसठी प्रशासन की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है। जरूरत है कि अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी आगे आकर सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, ठंडे पानी और छाया की व्यवस्था करें ताकि गर्मी से लोगों की जान बचाई जा सके।

*“समाज सेवा सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद तक राहत पहुंचाने में दिखे”*
बरसठी क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और आम जनता प्रशासन के इस मानवीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी