जौनपुर। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डां गंगा राम गौतम ने सोमवार की दोपहर बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले अस्पताल स्टाफ की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की।

इसके बाद सीएमओ ने आयुष्मान कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, टीकाकरण कक्ष, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर तथा महिला वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मरीज कौशल मिश्रा ने अस्पताल में एक्स-रे मशीन नहीं होने की समस्या उठाई। इस पर सीएमओ ने आश्वासन दिया कि एक्स-रे मशीन की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है और रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त होते ही मशीन स्थापित कर दी जाएगी।

अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के संबंध में पूछे जाने पर सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में मैनपावर की कमी है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत देते हुए सीएमओ ने कहा कि सभी संबंधित अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। यदि अवैध अस्पतालों के संचालन की कोई शिकायत या घटना सामने आती है तो संबंधित अधीक्षक की जिम्मेदारी होगी।
निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बदलापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद पांडेय, डॉ. रवि राज, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार मौर्या सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी