जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के राघोराम पट्टी माफी गांव निवासी वृद्ध महिला ने अपने नाती के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की शिकायत शनिवार को पत्र भेज कर अधिकारियों से किया है। हफ्ते भर से गायब युवक का पता नहीं चलने पर दादी ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए बरामदगी की गुहार लगाई है। मामले में घटना की सूचना पुलिस को देने की बात बताइ गई है।
जानकारी के अनुसार राघोराम पट्टी माफी गांव निवासी राजदेवी पत्नी स्वर्गीय त्रिभुवन मिश्रा ने शनिवार को पत्र देकर बताया कि उनका 19 वर्षीय नाती नितिन मिश्रा पुत्र छेदीलाल मिश्रा बीते 15 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। वृद्ध महिला का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग उनके नाती को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर ले गए थे, जहां उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों की माना जाए तो नितिन मानसिक रूप से कमजोर (मंदबुद्धि) है, जिसके कारण वह अपनी सुरक्षा और परिस्थितियों को ठीक ढंग से समझ नहीं पाता है।
वृद्ध राजदेवी ने अधिकारियों से कहा कि एक हफ्ते बाद भी नाती का सुराग नहीं मिलने से लगता है की मारपीट करने वाले लोग ही उसकी हत्या कर शव को कहीं छुपा दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से युवक की तलाश करने की मांग किया है। हत्या जैसी अनहोनी की आशंका व्यक्त करने के बाद भी परिजन आज भी युवक की सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद में लगातार उसकी तलाश कर रहे है। पत्र में यह भी कहा गया है कि पुलिस को लिखित सूचना दी गई है लेकिन अभी तक कोई मुकदमा दर्ज करने की कापी नहीं दी गई।
गांव में युवक के एक हफ्ते से गायब होने की चर्चा लगातार बनी है, स्थानीय लोग युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी