जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के झांसेपुर गांव में शनिवार की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक दुकानदार के साथ गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झांसेपुर गांव निवासी आकाश राजभर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही विकास राजभर, प्रदीप राजभर और अब्दुल्लापुर निवासी इन्द्रेश राजभर उसकी दुकान पर पहुंचे। आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर उसे अपशब्द कहने लगे। जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने हाथ में लिए लाठी-डंडों से उसे बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोरगुल सुनकर आस-पास के लोग जुटे तो आरोपी जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र के निर्देश पर पुलिस ने पीड़ित आकाश राजभर की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी विकास राजभर, प्रदीप राजभर और इन्द्रेश राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मुन्ना लाल शर्मा को सौंपी गई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी