RAMPUR. जौनपुर जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र के मई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जौनपुर की ओर से भदोही जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टाटा 1109 आगे बढ़ते हुए एक मकान में जा घुसी।

हादसे के समय मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे दो सगे भाई वाहन की चपेट में आ गए। दुर्घटना में सूरज गुप्ता (17 वर्ष) पुत्र राजेश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई राजकुमार (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पास की दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी, पत्नी रामजियावन गुप्ता, भी घायल हो गईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रेलर और टाटा 1109 को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस सम्बंध में रामपुर थाना अध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि एक युवक की मौत हो जबकि महिला सहित दो घायल है दोनो वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कारवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी