शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से शनिवार को जोगेश्वरी (पश्चिम) के आनंदनगर, न्यू लिंक रोड स्थित जनसंपर्क कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और देशभक्ति के उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा,महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष एस.एम. खान ने तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 अगस्त भारत के इतिहास का गौरवपूर्ण दिन है। लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान के बाद देश को आजादी मिली। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित हजारों वीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
खान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का सम्मान करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा कायम रखना ही सच्ची देशभक्ति है।
समारोह के दौरान बच्चों को मिष्ठान और लंच बॉक्स वितरित किए गए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रामआसरे यादव, शरफराज राणा खान, एड. सैय्यद हुरमल, भाजपा उत्तराखंड मुंबई सेल अध्यक्ष महेंद्र सिंह गोसाईं, रामलाल यादव, अमरचंद यादव, मनोज यादव, सैय्यद आरिफ हुसैन, सुनील दुबे सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी