शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। शहर में जारी जल कटौती के बीच भाजपा मुंबई के उपाध्यक्ष पंकज यादव ने मुंबई की जलापूर्ति व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को देखते हुए नए भवनों को ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (OC) और कमेंसमेंट सर्टिफिकेट (CC) जारी करने पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की है।
यादव ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक मुंबई में जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नए भवनों को OC अथवा CC जारी न किया जाए या इस संबंध में उचित सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान जल संकट का सबसे अधिक असर मुंबई के दूर-दराज और अंतिम छोर वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है। जोगेश्वरी पूर्व के प्रभाग क्रमांक 72 के नागरिक भी पानी की समस्या से बड़े पैमाने पर प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि नए भवनों में नए निवासियों के आने से शहर की आबादी और पानी की मांग बढ़ेगी, जिससे पहले से दबाव में चल रही जलापूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है तथा पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता को लेकर संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है।
यादव ने बताया कि इस संबंध में प्रति मुख्यमंत्री कार्यालय, पालक मंत्री आशीष शेलार, भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, महानगरपालिका आयुक्त और महापौर को भी भेजी गई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी