जौनपुर। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने एवं विद्यालय से बाहर रह रही बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जन विकास संस्थान, नौपेड़वा, जौनपुर द्वारा संचालित मैत्री परियोजना के अंतर्गत “शिक्षा मिशन–ज्ञान का पिटारा” का विमोचन एवं बालिका शिक्षा जागरूकता रथ रविवार 23 अगस्त को रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के मड़ियाहूं, रामपुर एवं रामनगर विकासखंडों के चयनित 40 गांवों में पहुंचकर बालिकाओं, अभिभावकों एवं समुदाय को बालिका शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करेगा ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर जी ने “ज्ञान का पिटारा” टूलकिट का विमोचन किया तथा बालिका शिक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर जौनपुर से रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री समीर जी ने कहा कि, “बालिकाओं की शिक्षा समाज और देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना केवल उनके व्यक्तिगत विकास के लिए ही नहीं, बल्कि एक सशक्त, शिक्षित और समानतापूर्ण समाज के निर्माण के लिए भी आवश्यक है। ऐसे जागरूकता अभियान समुदाय में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
जन विकास संस्थान के निदेशक श्री राजमणि जी ने कहा कि, “अनामांकित एवं विद्यालय से बाहर रह रही बालिकाओं का शत-प्रतिशत नामांकन तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जन विकास संस्थान निरंतर प्रयासरत है। बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना एक सशक्त और शिक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों एवं समुदाय में बालिका शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक बालिकाओं को विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम प्रबंधक श्री अवधेश कुमार यादव ने बताया कि “ज्ञान का पिटारा” टूलकिट बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रोचक, सहज एवं सहभागी बनाने में मदद करेगा। वहीं, जागरूकता रथ के माध्यम से समुदाय एवं अभिभावकों तक पहुंच बनाकर बालिकाओं के नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा की निरंतरता के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बालिका को सीखने, आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिले।”
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री शैलेंद्र कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री अरविंद कुमार, श्री मोबीन अहमद, श्री हरिराम, श्री राममणि सहित जन विकास संस्थान के अन्य कार्यकर्ता एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
जन विकास संस्थान द्वारा मैत्री परियोजना के माध्यम से अनामांकित एवं विद्यालय से बाहर रह रही बालिकाओं को विद्यालय से जोड़ने, उनके शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को सुनिश्चित करने तथा समुदाय में बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “शिक्षा मिशन–ज्ञान का पिटारा” एवं बालिका शिक्षा जागरूकता रथ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी