BARASATHI. जौनपुर जिले के बरसठी थाने में महज तीन माह के अल्प कार्यकाल में अपनी सशक्त कार्यशैली, अनुशासन और मानवीय व्यवहार से क्षेत्र में अलग पहचान बनाने वाले थाना प्रभारी देवा नंद रजक का स्थानांतरण होने पर मंगलवार को भावुक माहौल देखने को मिला। विदाई के दौरान जहां थाना परिसर में पुलिस स्टाफ की आंखें नम थीं, वहीं क्षेत्रीय जनता भी उन्हें विदा करते समय भावुक नजर आई।
थाना प्रभारी देवा नंद रजक ने अपने कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, फरियादियों की त्वरित सुनवाई और निष्पक्ष कार्रवाई को प्राथमिकता दी। आमजन के बीच उनकी छवि एक संवेदनशील, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में बनी। यही कारण रहा कि अल्प समय में ही उन्होंने जनता का भरोसा जीत लिया।
विदाई समारोह के दौरान थाना परिसर में पुलिस कर्मियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी रजक ने अपने संबोधन में कहा कि “बरसठी क्षेत्र और यहां की जनता का स्नेह मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा। मैंने हमेशा कानून के दायरे में रहकर जनता की सेवा करने का प्रयास किया है।” यह कहते हुए वे भावुक हो उठे।
स्थानीय नागरिकों ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी बहुत कम मिलते हैं, जो कम समय में ही जनता के दिलों में जगह बना लें। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
थाना प्रभारी देवा नंद रजक की विदाई बरसठी थाना ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक भावनात्मक क्षण बन गई, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी