BADLAPUR. जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के नेवादा मुरीदपुर गांव निवासी अधिवक्ता सूरज निषाद ने पड़ोसी से चल रहे जमीनी विवाद में पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है। उन्होंने बदलापुर तहसील अधिवक्ता संघ के साथ एसडीएम योगिता सिंह के कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि नल के पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में पहले डायल 112 पुलिस पहुंची और समझाकर चली गई, लेकिन रात करीब 1:30 बजे बदलापुर के SHO अपने हमराहियों के साथ घर में घुसे और उनके सगे भाई अनूप निषाद तथा चचेरे भाई राजकपूर व सुनील कुमार को गाली- गलौज करते हुए थाने उठा ले गए।
अधिवक्ता का आरोप है कि सुबह जब वह थाने पहुंचे तो एक दीवान ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि पड़ोसी द्वारा कराए गए नल रिबोर के ट्रायल का पानी सड़क पर बहने से विवाद हुआ था।
एसडीएम योगिता सिंह ने मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिवक्ता संघ ने प्रकरण की जानकारी सीओ सुनील चंद्र तिवारी को भी दी, जिसके बाद दर्जनों वकील बदलापुर थाने पहुंचे और मामले में उचित कार्रवाई की मांग किया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी